नोएडा: नोएडा सुपरटेक ट्विन टावर के रविवार को जमींदोज होने के बाद लोगों में खौफ बना हुआ है। अब देखना होगा कि लोगों को किन दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर भी पड़ सकता है। जिसके चलते लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस और अस्पतालों को अलर्ट रहने के चेतावनी दी है। धूल और धुएं के गुबार से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ने पर लोगों के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
कुछ दिन तक खिड़की व दरवाजे न खोलें
खास बात यह है कि ट्विन टावर के आसपास रहने वाले लोग कुछ दिन तक खिड़की व दरवाजे न खोलें। वह घर के काम हाथ धोकर ही करें। साथ ही सुबह की सैर न करने की सलाह लोगों को दी गई है। स्वास्थ्य संबंधित समस्या होने पर लोग हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दे सकते हैं। जिलाधिकारी ने ध्वस्तीकरण के बाद धूल के गुबार की रणनीति की जानकारी ली। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर तैनात रहेंगी। ध्वस्तीकरण के बाद इन गाड़ियों से पानी का छिड़काव किया जाएगा। आवासीय क्षेत्रों में निवासियों, बच्चों, बुजुर्गों व सांस के रोगियों को एहतियात के तौर पर मास्क लगाने की अपील की गई है।
लक्षण दिखने पर डॉक्टर से सलाह लें
अगर धूल से कोई बीमार पड़ जाए या नाक-आंख-त्वचा में खुजली, शरीर में दर्द, छाती में घुटन, धड़कन अचानक तेज होना, सांस लेने में दिक्कत, अचानक खांसी बढ़ना, गले में खराश या नाक बहना, उल्टी या उबकाई आना, पेट में दर्द या दस्त हो तो वह डॉक्टर से तुरंत सलाह लें।