दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के एक दिन के विशेष सत्र में जमकर हंगामा देखने को मिला। जहां सदन शुरू होते ही सत्ता पक्ष व विपक्ष एक-दूसरे पर जमकर हमलावर रहे। आम आदमी पार्टी ने जहां अपने कुछ विधायकों को 20 करोड़ रुपए देकर खरीदने का हवाला देते हुए ‘ खोखा-खोखा ‘ के नारे लगाए, वहीं भाजपा ने केजरीवाल पर शराब घोटाले का आरोप लगाते हुए ‘ धोखा-धोखा ‘ के नारे लगाए। इससे पहले नारेबाजी के बीच डिप्टी स्पीकर ने आप विधायक ऋतुराज को 15 मिनट के लिए सदन से बाहर जाने का आदेश दिया। बता दें कि यह 7वीं विधानसभा के तीसरे सत्र के तीसरे भाग की बैठक बुलाई गई है।
दूसरी ओर मनीष सिसोदिया ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि आज अगर अरविंद केजरीवाल देश के प्रधानमंत्री होते और मैं किसी और पार्टी से कहीं और का शिक्षा मंत्री होता, तो केजरीवाल ऐसा नहीं करते, वह गले लगाते। उन्होंने कहा कि कोई अच्छा काम करे तो उसे रोक दो, उसकी सरकार गिरा दो, यह बताता है कि सोच कितनी छोटी है। उन्होंने कहा कि सीबीआई की टीम ने मेरे घर की तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं हासिल नहीं हुआ। 14 घंटे की रेड के बाद भी कोई पैसा हाथ नहीं लगा। आज हमारे देश में जो प्राइवेट स्कूल में जो मोटी-मोटी फीस है उसे अरविन्द केजरीवाल ही काम कर सकते हैं और सबको तोड़ने से पहले मुझे तोड़ना पड़ेगा. कोई भी अच्छा काम करे उनको असुरक्षा होने लगती है।