नोएडा: दिल्ली के कुतुब मीनार से भी ऊंचे उत्तर प्रदेश के नोएडा में बने सुपरटेक ट्विन टावर की इमारत ताश के पत्तों की तरह ढहने वाली है। बता दें कि 28 अगस्त को इस इमारत में ब्लास्ट किया जाएगा। इतना ही नहीं ब्लास्ट के बाद यह इमारत 9 से 10 सेकेंड में ढह जाएंगी। जानकारी के मुताबिक सुपरटेक के अवैध ट्विन टावरों को गिराने का काम एक कंपनी देख रही है। इन दोनों इमारतों को गिराने के लिए करीब 3500 किलो विस्फोटक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिन्हें दोनों इमारतों में 9600 से ज्यादा सुराख किए जाएंगे।
10 सेकंड तक होता रहेगा ब्लास्ट
बता दें कि इमारत में 9 से 10 सेकंड तक ब्लास्ट होगा। धमाकों के बाद इमारतें एक बार में नहीं गिरेंगी और उन्हें पूरी तरह मलबे के ढेर में तब्दील होने में चार से पांच सेकंड का वक्त लगेगा। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) की उस याचिका को खारिज कर दिया था। जिसमें नियमों का कथित तौर पर उल्लंघन कर नोएडा में बनाए गए सुपरटेक लिमिटेड के 40 मंजिला दो टावर को गिराने की जगह वैकल्पिक समाधान का निर्देश देने का आग्रह किया गया था।
मलबे से 4,000 टन लोहा और इस्पात निकलेगा
बताया जा रहा है कि कपंनी मलबे से अपनी वसूली करेगी। पूरा मलबा ऐसे बेकार नहीं जाएगा। इसमें से तकरीबन 4,000 टन लोहा और इस्पात निकलेगा। नोएडा प्राधिकरण का भी सेक्टर 80 में निर्माण और ध्वस्त कचरा प्रबंधन संयंत्र है, जिसमें हर दिन 3000 टन कचरे का निस्तारण करने की क्षमता है।