दिल्ली: केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के लोगों को एक नया तोहफा दिया है। अब बिजली सब्सिडी चुनने के लिए आपको सिर्फ एक मिस्ड कॉल देना होगा। इस नंबर पर रजिस्ट्रेशन करा कर ही बिजली उपभोक्ता सब्सिडी पाने के हकदार होंगे। सब्सिडी का विकल्प चुनने पर ही फ्री बिजली या सब्सिडी का लाभ मिलेगा। यह फैसला उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बिजली विभाग, डिस्कॉम और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के बाद लिया है।
उपभोक्ता चुन सकेंगे सब्सिडी के लिए अपना विकल्प
आम आदमी पार्टी की सरकार बिजली उपभोक्ताओं को सब्सिडी दे रही है। इस समय सब्सिडी का लाभ 47,11,176 परिवार उठा रहे हैं। सभी उपभोक्ताओं को सब्सिडी से बाहर निकलने या 1 अक्तूबर से फ्री बिजली मिलने का विकल्प दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि अब सभी बिजली बिलों में क्यूआर कोड होंगे, जिन्हें स्कैन कर उपभोक्ता सब्सिडी के लिए अपना विकल्प चुन सकेंगे।