नई दिल्ली: कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव हास्य कलाकारों में बेस्ट कॉमेडियन के नाम से जाने जाते हैं। राजू श्रीवास्तव का जब भी नाम आता है तो लोगों के सामने उनका मुस्कुराता हुआ चेहरा आ जाता है। कॉमेडियन में राजू श्रीवास्तव ने अपनी कॉमेडी में ज्यादातर कानपुर परिवेश को शामिल किया और हिट हो गए। उनका एक किरदार जिसका नाम गजोधर है, काफी लोकप्रिय है। उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर टेलीविजन की दुनिया में कॉमेडी किंग का तमगा हासिल किया। वे कई विज्ञापनों में भी अमिताभ की आवाज में डबिंग कर चुके हैं। उन्होंने अपनी कॉमेडी को भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी पहचान दिलाई। वे कई देशों में स्टेज शो कर चुके हैं।

कॉमेडी शो करने के मिलते थे महज 50 रुपए
राजू श्रीवास्तव का जन्म 25 दिसम्बर सन 1963 को उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुआ था। उनका बचपन का नाम सत्यप्रकाश श्रीवास्तव है, लेकिन मुंबई आने के बाद उन्होंने अपना नाम राजू रख लिया था और अब लोग इन्हें राजू श्रीवास्तव के नाम से ही जानते हैं। उन्होंने अपने करियर में काफी संघर्ष किया। यहां तक कि जब एक वक्त बाद राजू को पैसों की तंगी होने लगी तो उन्होंने मुंबई में ऑटो भी चलाया। इसी दौरान ऑटो चलाते वक्त राजू की किस्मत बदली और उन्हें एक कॉमेडी शो में ब्रेक मिल गया। राजू श्रीवास्तव ने दूरदर्शन के ‘टी टाइम मनोरंजन में भी काम किया लेकिन शोहरत ‘द ग्रेट इंडियन लॉफ्टर चैलेंज’ से मिली। उस दौरान बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन जॉनी लिवर साहब को देखकर साहस मिलता था। उस वक्त उन्हें कॉमेडी शो करने के महज 50 रुपए मिलते थे।

तेजाब से शुरू किया था फिल्मी करियर
फिल्म तेजाब से बॉलीवुड में उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। इस फिल्म को साल 1988 में रिलीज किया गया था। उन्होंने काफी फिल्मों में भूमिका निभाई जैसे मैंने प्यार किया, बाजीगर, आमदनी अठन्नी खर्चा रुपया, बिग ब्रदर, बॉम्बे टू गोवा, इत्यादि। इसके अलावा उन्होंने टीवी धारावाहिकों जैसे शक्तिमान, बिग बॉस, कॉमेडी का महा मुकाबला, कॉमेडी सर्कस, कॉमेडी नाइट्स विद कपिल, इत्यादि में काम किया।

1993 से रखा था कॉमेडी की दुनिया में कदम
उन्होंने सन 1993 से कॉमेडी की दुनिया में कदम रखा था। वे अपने घर से चुपचाप भाग कर मुंबई पहुंचे थे। वे अपनी कॉमेडी में ग्रामीण, शहरी और राजनेताओं आदि को ज्यादा निशाना बनाते है। वे एक ऐसे कलाकार हैं, जो किसी भी टॉपिक पर कॉमेडी कर सकते हैं। वे अपनी कुशल मिमिक्री के लिए जाने जाते हैं। राजू के पिता रमेश चंद्र श्रीवास्तव को बलाई काका कहा जाता था, क्योंकि वह एक कवि थे। राजू के परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, इसलिए उनका बचपन संघर्ष करते हुए ही बीता।

जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे राजू
अपने चुटकुलों से लोगों को हंसाने वाले कॉमेडी के किंग राजू श्रीवास्तव इन दिनों जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं। बता दें कि राजू श्रीवास्तव 10 अगस्त को वर्कआउट कर रहे थे अचानक उनको हार्ट अटैक आया और वह बेहोश हो गए। जिसके बाद से वह दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत बहुत गंभीर है और उनके ब्रेन में दवाइयों और इंजेक्शन की वजह से सूजन आ गई है। आज लोग हंसना-हंसाना भूलकर उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। खबर है कि राजू श्रीवास्तव के मस्तिष्क ने काम करना बंद कर दिया है। जिसके बाद उनकी हालत के बारे में सभी चिंतित हो गए हैं।

10 अगस्त को आया था हार्ट अटैक
बता दें कि 10 अगस्त को जिम में वर्कआउट के दौरान कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव को हार्ट अटैक आया था। जिसके बाद उन्हें तत्काल दिल्ली एम्स में भर्ती करवाया गया। राजू श्रीवास्तव 58 साल के हैं और अपनी फिटनेस के प्रति जागरुक भी हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें फौरन दिल्ली एम्स में एडमिट कराया गया। राजू श्रीवास्तव के एक नया स्टेंट डाला गया है। जिसके लिए उनके 2 स्टेंट को रिप्लेस किया गया है। ये पहली बार नहीं है जब उन्हें हार्ट से जुड़ी समस्या हुई है।
पहले से ही हैं दिल के मरीज
राजू पहले से ही दिल के मरीज हैं। इससे पहले भी 9 स्टेंट्स डाले जा चुके हैं। इतना ही नहीं उनकी इससे पहले भी एंजियोप्लास्टी हुई थी। उसके बाद सात साल पहले मुंबई के लीलावती अस्पताल में हुई थी। यूपी के कानपुर शहर के रहने वाले राजू श्रीवास्तव ने अपनी बेहतरीन कॉमेडी स्टाइल के लिए जाने जाते हैं।
होश में लाने के लिए सुनाई अमिताभ बच्चन की आवाज
बता दें कि राजू को होश में लाने के लिए बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की आवाज सुनाई गई। लेकिन कोई होश नहीं आया। इसके अलावा फेमस सिंगर कैलाश खेर भी राजू श्रीवास्तव के लिए महामृत्युंजय जाप करवा रहे हैं।