दिल्ली: दिल्ली में आबकारी नीति में हुई कथित गड़बड़ी को लेकर सीबीआई की छापेमारी की कार्रवाई चल रही है। इसी कड़ी में दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में भी सीबीआई की टीम पहुंची और यहां छापेमारी चल रही है। बताया जा रहा है कि यहां पर सीबीआई की टीम पूर्व आबकारी कमिश्नर ए गोपी कृष्णा के घर पर छापेमारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक इस दौरान पूर्व कमिश्नर से पूछताछ भी की जा रही है। यह छापेमारी उनके सरकारी आवास में चल रही है जो तस्वीर आप देख रहे हैं वो तस्वीरें वसंत कुंज में स्थित सरकारी आवास की हैं। जहां पर शुक्रवार सुबह सीबीआई की टीम पहुंची है और पूर्व कमिश्नर के घर छापेमारी की कार्रवाई कर रही हैं।
बता दें कि शुक्रवार सुबह सीबीआई की टीम दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पहुंची थी, जिसकी जानकारी मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर दी थी। वहीं इस पूरे मामले में सीबीआई की टीम मनीष सिसोदिया के घर सहित 20 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वही इसको लेकर राजधानी में राजनीति भी गर्म है।