दिल्ली (एकता): भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी की दर्जनों घटनाओं और पेपर लीक के मामले लंबे समय सामने आ रहे हैं। इन सब के बावजूद शिक्षा मंत्रालय चुप है। भाजपा शासित राज्यों में लगातार हो रहे पेपर लीक और एनटीए व APTECH जैसी संस्थाओं के संदिग्ध भूमिका के विरोध में एनएसयूआई ने शिक्षा मंत्रालय के बाहर भारी विरोध प्रदर्शन किया।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन ने इस दौरान बताया कि देश में मोदी सरकार का लंबे समय से छात्र विरोधी चेहरा सामने आ चुका है। देश भर में परीक्षा करवाने वाली NTA और APTECH जैसी संस्थाएं भी अपनी विश्वसनीयता साबित नहीं कर पा रहीं है और संदेह के घेरे मे हैं। पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों में भारी हताशा और गुस्सा हैं। उन्हीं की भावनाओं के चलते आज हमने सरकार के खिलाफ छात्र हितों में ये मोर्चा खोला हैं।