नई दिल्ली (एकता): बॉलीवुड एक्टर सतीश कौशिक की मौत को लेकर हर कोई हैरान है। रोज कई बड़े नए खुलासे हो रहे हैं। अब इस केस में एक नया मोड़ सामने आया है। बता दें कि जिस फार्म हाउस में सतीश कौशिक की मौत हुई वहां उसके मालिक विकास मालू की पत्नी ने अपने ही पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
मीडिया सूत्रों के अनुसार अब इस मामले की जांच खुद दिल्ली पुलिस कर रही है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि मौत का असली कारण दिल का दौरा है और मौत का कारण स्वाभाविक प्रतीत होता है। अब फार्म हाउस की मालिक की पत्नी का कहना है कि उसके पति ने उसे कौशिक से मिलवाया था। उसने कहा कि मेरे पति ने सतीश कौशिक से वादा किया कि वह जल्द ही उनके पैसे चुका देंगे। जब मैंने अपने पति से पूछा तो उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान उन्होंने कौशिक के पैसे खर्च दिए। इतना ही नहीं शिकायकर्ता महिला ने कहा कि मेरे पति ने यह भी कहा वह कौशिक से छुटकारा पाना चाहता है। इसके बाद से दिल्ली पुलिस कौशिक की मौत की घटना से गंभीरता से ले रही है।
विकास मालू की पत्नी ने खुलासा किया कि 23 अगस्त 2022 में दुबई में विकास मालू ने पार्टी की थी जिसमें सतीश कौशिक ने भी शिरकत की थी। इस पार्टी में दाऊद इब्राहिम का बेटा भी शामिल था। उसने बताया कि पार्टी से पहले सतीश कौशिक विकास मालू के घर गए थे और उनके बीच पैसों को लेकर बातचीत हो रही थी। जिसके बाद 15 करोड़ रुपए को लेकर बहस भी हुई। उसके बाद शिकायकर्ता महिला ने अपने पति के खिलाफ रेप का केस दर्ज करवाया था। बताया जा रहा है कि शनिवार को दिल्ली पुलिस को शक हुआ कि उनकी मौत शायद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हो। लेकिन घटनास्थल या कमरे से कुछ दवाओं के अलावा कुछ भी संदिग्ध सामान नहीं मिला।
सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई। लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ। सतीश कौशिक को अस्पताल ले जाने से पहले पुलिस को किसी तरह की कोई जानकारी नहीं दी गई। सतीश कौशिक की जब अस्पताल में मौत हुई तब पुलिस को सूचना मिली। दिल्ली पुलिस ने तय किया कि इनका पोस्टमॉर्टम दिल्ली के हरिनगर के दीन दयाल अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा कराया जाएगा। पुलिस इस मामले में कई एंगल से जांच कर रही है।