दिल्ली (एकता): दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल रहा है। अचानक आए इस बदलाव से लोगों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। जिसके चलते उन्हें सावधान रहने की जरूरत है। मीडिया सूत्रों के अनुसार राजधानी के अस्पतालों में वायरल इंफेक्शन के 30 प्रतिशत मरीज बढ़े हैं। वहीं दूसरी तरफ डॉक्टरों का कहना है कि यह कोई आम वायरल नहीं हैं। इसके परिणाम खतरनाक हो सकते हैं। ये डेंगू से ज्यादा तेजी से अपने पांव पसार रहा है। इसके कारण लोगों के गले में दर्द, खराश, खांसी, सांस लेने में तकलीफ, जुकाम और बुखार की शिकायतें हो सकती हैं।
अस्पतालों में पड़े मरीजों को ठीक होने में 30 दिनों तक का समय लग रहा है। इस वायरल संक्रमण से सामान्य लोग ही नहीं, बल्कि डॉक्टर भी इसका शिकार हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक अस्पतालों में ओपीडी में मरीजों की संख्या 20 फीसदी तक बढ़ गई हैं। ज्यादातर मरीज एडिनो व आरएसवी वायरस के संक्रमण से पीड़ित हैं। लोग ब्रोंकाइटिस जैसी गंभीर फेफड़ों की एलर्जी से पीड़ित हो रहे हैं। 60 साल के ज्यादा उम्र के मरीजों में स्वाइन फ्लू के केस भी दिख रहे हैं।