दिल्ली: दुनिया की सबसे उम्रदराज साम्राज्ञी यानि ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय अब नहीं रही। 96 साल की उम्र में उनका निधन हुआ। बता दें कि वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी। महारानी episodic mobility नाम की बीमारी से लंबे समय से पीड़ित थीं। यह बीमारी बहुत ही भयानक है। इसकी वजह से किसी भी बुजुर्ग को चलने, खड़े होने, बैठने में मुश्किल आती हैं। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का शाही सफर बेहर शानदार रहा। आइए तस्वीरों में देखें कैसा रहा क्वीन एलिजाबेथ-II का सफर।

2022 तक ब्रिटेन के 15 प्रधानमंत्रियों का देखा कार्यकाल
ब्रिटेन की शाही गद्दी संभाल चुकीं एलिजाबेथ द्वितीय ने सात दशकों तक 1952 में अपनी ताजपोशी से लेकर 2022 तक ब्रिटेन के 15 प्रधानमंत्रियों का कार्यकाल देखा। इसी साल जून में ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (Queen Elizabeth II) ने शासन के 70 साल पूरे किए थे। इस मौके पर चार-दिवसीय प्लैटिनम जुबली समारोह आयोजित किया गया था।

25 साल की उम्र में बनीं महारानी
25 साल की उम्र में एलिज़ाबेथ द्वितीय महारानी बनीं। 70 सालों तक उन्होंने ब्रिटेन पर राज किया। महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय का जन्म 21 अप्रैल 1926 को हुआ था। उस समय उनके दादा जॉर्ज़ पंचम का शासन हुआ करता था। उनकी मां एलिजाबेथ, यॉर्क की डचेज थी और वह बाद में एलिजाबेथ के नाम से जानी गई। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (Queen Elizabeth-II) यूनाइटेड किंगडम समेत ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, जमैका, एंटीगुआ और बारबुडा, बहामास, बेलीज, ग्रेनाडा, पापुआ न्यू गिनी, सोलोमन आइलैंड्स, सेंट किट्स एंड नेविस, सेंट लूसिया, सेंट विंसेंट व ग्रेनेडाइंस और तुवालु सहित 15 क्षेत्रों की रानी रही हैं।

अप्रैल 2022 में मनाया था 96 जन्मदिन
एलिजाबेथ द्वितीय अपने शासन काल में वह बड़ी-बड़ी मुश्किलों से भी नहीं घबराईं। 15वीं प्रधानमंत्री लिज ट्रस के साथ काम करने से पहले ही वह दुनिया छोड़ गईं। महारानी एलिजाबेथ को लेकर एक खास बात ये भी थी कि वह दो जन्मदिन मनाती थी। उनका असली जन्मदिन 21 अप्रैल को होता है, लेकिन ताजपोशी के बाद दूसरा जन्मदिन आधिकारिक जन्मदिन होने से खास माना जाता है। 17 जून के जन्मदिन में सालाना परेड का आयोजन किया जाता है। अप्रैल 2022 में ही उन्होंने अपना 96 जन्मदिन मनाया था।

नरेंद्र मोदी ने जताया दुख
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को हमारे समय की एक दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में गरिमा और शालीनता का परिचय दिया। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और ब्रिटेन के लोगों के साथ हैं।
