वजीराबाद (अनिल कुमार): इंसान की लालच की सीमा यहां तक पहुंच गई है कि वो अब अपनी लालसा और ख्वाहिश को पूरा करने के लिए भगवान के गले में हाथ डालने से भी नहीं कतरा रहा। ताजा मामला दिल्ली के वजीराबाद में सामने आया है। जहां चोरों ने भगवान के घर तक को नहीं छोड़ा।
जानकारी के मुताबिक चोरों ने थाना क्षेत्र की संगम विहार कॉलोनी में बायोडायवर्सिटी पार्क के पास में प्राचीन मंदिर में इस चोरी की घटना को अंजाम दिया। मंदिर की एक दीवार बायोडायवर्सिटी पार्क की तरफ लगती है जो सुनसान और झाड़ जंगल है। उसी झाड़ जंगल से चोरों ने पहले दीवार को तोड़ा और फिर मंदिर में एंट्री की चोरों ने मंदिर के अंदर से मंदिर का घंटा, शिवलिंग पर रखा गया कलश और कुछ पूजा में प्रयोग होने वाला काफी प्राचीन समान चुराया। चोर कौन थे कितने थे अभी तक साफ नहीं हो पाया है। फिलहाल वजीराबाद थाना पुलिस को इस बाबत शिकायत दे दी गई और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

आपको बता दें कि पिछले महीने भी वजीराबाद थाना क्षेत्र के मंदिर में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इससे पहले भी कई चोरी की घटनाएं आसपास के मंदिरों में वह दुकानों में भी हो चुकी है लेकिन अभी तक चोर पकड़ में नहीं आए हैं। पहले की चोरी की घटनाएं भी हल नहीं हुई और चोर लगातार नई घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। कहीं ना कहीं इस क्षेत्र में चोर पुलिस को सीधी चुनौती देते नजर आ रहे हैं। अब देखने वाली बात होगी कि दिल्ली पुलिस अब इस मंदिर में भी चोरी करने वालों तक पहुंच पाती है या नहीं।