लड़की को गोली मारने के मामले ने पकड़ा तूल, दिल्ली पुलिस को आयोग का नोटिस जारी

admin

दिल्ली: दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली के संगम विहार इलाके में हुई घटना को लेकर पुलिस को नोटिस जारी किया है। आयोग ने 16 साल की लड़की का पीछा करने और उसकी हत्या के प्रयास के मामले में मीडिया में आई खबरों पर स्वत: संज्ञान लिया है। रिपोर्ट के अनुसार लड़की को उसके पीछा करने वाले ने 25 अगस्त को उस समय गोली मार दी थी जब वह स्कूल से घर लौट रही थी। लड़की के पिता का आरोप है कि एक लड़का पिछले कुछ महीनों से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था। उन्होंने इस संबंध में पुलिस के स्थानीय बीट कांस्टेबल से शिकायत भी की गई थी, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल पीड़ित लड़की अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल ने पुलिस को नोटिस जारी कर मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने एफआईआर की कॉपी और मामले में गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी मांगी है। आयोग ने लड़की के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में पुलिस अधिकारी के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी है। आयोग ने दिल्ली पुलिस से 30 अगस्त तक सूचना उपलब्ध करवाने को कहा है। स्वाति मालीवाल ने कहा, “घटना बहुत ही चौंकाने वाली है। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। दिल्ली पुलिस को पीछा करने से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।”

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *